Top Letters
recent

मोदी जी ! मुझे भी लोन दिला दें, फिर कभी महंगाई, अच्छे दिन और काले धन की बात नहीं करूंगा

-विश्वनाथ

प्रिय प्रधानमंत्री जी,
मैं देश का एक नागरिक, आपसे अनुरोध करता हूँ कि मुझे बैंक से 10 करोड़ का लोन दिलवाने में मदद करें, जिससे मैं अपना बिजनेस शुरू कर सकूं. मेरा आपसे यह वादा है कि बिजनेस सेट हो जाने के बाद टोटल बिजनेस का 50% आपकी पार्टी को दान दूंगा, आप चाहे तो लोन समझौते में यह शर्त भी जोड़  सकते हैं.

मैं आपको एक और वचन देता हूं कि आपकी हर सही गलत बात का समर्थन करूंगा, आपके सभी विरोधी मेरे विरोधी होंगे, और कभी महंगाई, अच्छे दिन, काला धन, आपकी पार्टी या मातृ संगठन का विरोध, गरीबों और किसानों के कल्याण, अवॉर्ड वापसी, किसान आत्महत्या, पाकिस्तान को सबक सिखाने, आपके खिलाफ नारे लगाने जैसे 'देशद्रोही' विचारों और कार्यों से दूरी बनाये रखूंगा, और ऐसा कार्य करने वालों का निष्ठा से जोरदार विरोध करूंगा.

मेरा बिजनेस स्थापित होने के बाद सपरिवार, अपने सभी कर्मचारियों, और अधिकतम लोगों को लेकर आपकी सभा में जाऊँगा, नमो नमो मेरा प्रिय मंत्र होगा. मेरे कार्यालय में आपकी सभा के दिन और उसके अगले दिन पूर्ण अवकाश रहेगा. मेरा और मेरे परिवार का वोट हमेशा आपकी पार्टी को मिलेगा, चाहे कोई भी उम्मीदवार क्यों न खड़ा हो.

आशा है कि आप मुझे अपनी दया दृष्टि से कृतार्थ करेंगे, और जल्दी ही लोन दिलवाने की कृपा करेंगे.


आशोन्मुखी


Myletter

Myletter

Powered by Blogger.